जयपुर। मालवीय नगर स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल में विश्वकर्मा जयंती का पर्व अपार श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर अस्पताल परिसर में गायत्री वेदना निवारण केंद्र (मानसरोवर) के तत्वावधान में भव्य गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसका संचालन दिवाकर शर्मा और अशोक गोयल द्वारा संपन्न कराया गया।
यज्ञ के दौरान व्यास पीठ से श्री दिवाकर शर्मा ने भगवान विश्वकर्मा के पूजन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा के हाथों में सुशोभित चार प्रतीकों पुस्तक, पैमाना, जलपात्र और सूत्र (धागा) का गूढ़ अर्थ समझाते हुए बताया कि किस प्रकार कोई भी व्यक्ति अपने दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में इन प्रतीकों का सही उपयोग कर अपनी सृजन क्षमता व दक्षता को बढ़ा सकता है।
यज्ञ की शुरुआत में इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख श्री राजीव कुलश्रेष्ठ ने गुरु सत्ता, गायत्री माता और भगवान विश्वकर्मा का षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात वैदिक गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं विश्वकर्मा भगवान के मंत्रों का उच्चारण करते हुए आहुतियां दी गईं। इस दौरान अस्पताल में उपचार के दौरान दिवंगत हुए मरीजों की आत्मा की शांति के लिए विशेष आहुतियां भी अर्पित की गईं।
इस धार्मिक आयोजन में हॉस्पिटल निदेशक डॉ. मनीष अग्रवाल, इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख फाइनेंस कंट्रोलर रवि राज शर्मा, एफएंडबी एवं हाउसकीपिंग प्रमुख नवरंग पुजारी तथा सीएसओ नवीन वाजपेई सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



















