जयपुर। श्री श्याम गौ सेवा दल, जयपुर की ओर से बीमार, घायल और दुर्घटनाग्रस्त गौमाताओं के उपचार व सेवा कार्यों को समर्पित विशेष कार्यक्रम ‘एक शाम गौमाता के नाम’ का आयोजन आगामी 27 सितंबर को किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से झोटवाड़ा स्थित श्री श्याम गौ सेवा दल परिसर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के दौरान एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गायक भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही संस्था द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न गौसेवा प्रकल्पों और भावी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ साझा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि श्री श्याम गौ सेवा दल लंबे समय से लाचार और हादसों का शिकार हुई गौमाताओं की सेवा में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए कई नि:शुल्क सेवाएं चलाई जा रही हैं। जिसमें दुर्घटनाग्रस्त गौवंश को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस और नि:शुल्क चिकित्सा उपचार की सुविधा,साथ ही गंभीर रूप से घायल गौमाताओं के इलाज के लिए सर्वसुविधायुक्त आईसीयू वार्ड, दवाएं और 24 घंटे देखभाल की सुविधा भी है।
इसके अलावा शुद्ध पेयजल, हरा चारा, नियमित भोजन तथा सुरक्षित आश्रय स्थल व अंधी, लाचार, वृद्ध और परित्यक्त गौमाताओं के लिए विशेष सेवा-संभाल की व्यवस्था उपलब्ध है। आयोजकों ने जयपुर शहर के समस्त गौभक्तों और धर्मप्रेमी जनता से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य का भागी बनने की अपील की है।



















