प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जयपुर में जले ‘आशीर्वाद के दीये’

0
38
'Lamps of blessings' lit in Jaipur on Prime Minister Modi's birthday.
'Lamps of blessings' lit in Jaipur on Prime Minister Modi's birthday.

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को जयपुर में भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में ‘एक दीया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम हुआ, वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गोविंददेवजी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और दीप प्रज्वलित कर आरती में भाग लिया।

गोविंददेवजी मंदिर में दीप प्रज्वलन के दौरान श्रद्धा और आस्था का माहौल रहा। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की ओर से सेवा कार्यों के माध्यम से शुभकामनाएं दी जा रही हैं। रक्तदान शिविर, फल वितरण और जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

विकास कार्यों का किया उल्लेख

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे विद्युतीकरण, जल संरक्षण एवं जल योजनाओं, किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान और मुद्रा योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। किसानों को सशक्त करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि और फसल बीमा जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सुरक्षा देने के प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम हुआ है। रक्षा क्षेत्र में भी भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रगति की है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने अपने नागरिकों के साथ अन्य देशों की भी सहायता की। महिलाओं के सशक्तिकरण, महिला आरक्षण, तीन तलाक की समाप्ति और जम्मू-कश्मीर से जुड़े निर्णयों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

अल्बर्ट हॉल से एसएमएस स्टेच्यू सर्किल तक जले दीये

भाजपा प्रदेश कार्यालय के अलावा शहर के प्रमुख स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ। अल्बर्ट हॉल, अमर जवान ज्योति और सवाई मानसिंह स्टेच्यू सर्किल पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, भाजपा आईटी प्रभारी अविनाश जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक और भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा और मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here