जयपुर। खोह नागोरियान थाना इलाके में नशीला प्रसाद खिलाकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मंदिर दर्शन के लिए जा रही एक अधेड़ महिला को बदमाशों ने अपनी बातों में फंसाया और ‘बालाजी का प्रसाद’ खाने को दिया। प्रसाद खाते ही महिला सुध-बुध खो बैठी, जिसके बाद बदमाश उनसे सोने के कुंडल उतरवाकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर हुलिए के आधार पर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि थाना इलाके में रहने वाली 48 वर्षीय सुमन देवी ने मामला दर्ज कराया है कि वो 17 मई की शाम करीब साढ़े 5 बजे अपने घर से पास ही स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन करने के लिए निकली थीं। रास्ते में अचानक तीन अज्ञात युवक उनके पास आए और किसी अस्पताल का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया।
बातचीत में उलझाने के दौरान ही आरोपियों ने उन्हें ‘बालाजी महाराज का प्रसाद’ बताते हुए कुछ खाने को दिया। श्रद्धा के चलते महिला ने वह प्रसाद खा लिया। लेकिन प्रसाद खाते ही कुछ ही देर में उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया और वह अपना आपा खो बैठीं। महिला को अचेत जैसी स्थिति में देखकर बदमाशों ने उनसे कानों के कुंडल देने को कहा। सम्मोहन और नशे के असर में आकर महिला ने खुद अपने दोनों कानों के सोने के कुंडल उतारे और बदमाशों को सौंप दिए।
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी मौके से भाग निकले। करीब 10 मिनट बाद जब पीड़िता को पूरी तरह होश आया और कानों में कुंडल नहीं मिले, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने तुरंत घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।



















