ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की अंगूठियों का बॉक्स लेकर भागी युवती

0
44

जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में ज्वेलरी शॉप से युवती के सोने की 25 अंगूठियों से भरा बॉक्स लेकर भागने का मामला सामने आया है। बॉक्स में करीब 20 लाख रुपए कीमत की अंगूठियां थीं। ज्वेलर और उसके कर्मचारी ने करीब 500 मीटर पीछा कर युवती को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह करीब 11.45 बजे निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर की भवानी ज्वेलर शॉप की है। ज्वेलर त्रिलोक चंद प्रजापत (37) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक युवती अंगूठी खरीदने के बहाने दुकान पर आई थी। उसने अंगूठियां दिखाने को कहा। इस पर उन्होंने 25 सोने की अंगूठियों का बॉक्स उसके सामने रख दिया।

शिकायत के अनुसार युवती ने दो अंगूठियां पसंद आने की बात कही और उनकी कीमत पूछी। उसने अपने पिता को फोन कर ऑनलाइन भुगतान कराने की बात कही। इसी दौरान ज्वेलर दूसरे ग्राहक को आभूषण दिखाने लगा। मौका पाकर युवती अंगूठियों का बॉक्स उठाकर दुकान से बाहर भागने लगी।

युवती को भागते देखकर त्रिलोक चंद और उनके कर्मचारी ने उसका पीछा किया और करीब 500 मीटर दूर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उससे अंगूठियों का बॉक्स वापस लेकर युवती को झोटवाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

ज्वेलर के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद युवती ने कहा कि उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसे जेल जाना है। उसके पर्स की तलाशी लेने पर उसमें लाल मिर्च पाउडर और जलन वाला स्प्रे मिलने का भी दावा किया गया है। ज्वेलर ने बताया कि बॉक्स लेकर भागने से पहले युवती के मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल काटकर मोबाइल जेब में रखने के बाद वह अंगूठियों का बॉक्स लेकर भागी।

ज्वेलर के अनुसार युवती के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। लोगों को पीछा करते देखकर वह उसे छोड़कर भाग गया, जिसके बाद युवती पकड़ में आ गई। ज्वेलर की ओर से शुक्रवार को झोटवाड़ा थाने में युवती के खिलाफ शिकायत दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here