जयपुर। करणी विहार थाना इलाके में 15 दिन से बंधक बनाकर रखे गए एक युवक ने मौका पाकर अपने साडू पर चाकू से हमला कर दिया। धारदार चाकू पेट में लगने से साडू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 2 सितंबर की है।
एएसआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी गोकुलपुरा फाटक के पास का रहने वाला है। घायल के बयान के आधार पर उसके साडू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घायल ने पुलिस को बताया कि आरोपी को कथित तौर पर मानसिक बीमारी के दौरे पड़ते हैं, जिसके चलते परिवार के लोग उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर रखते थे। रात में उसे एक दुकान में सुलाया जाता था।
घायल के अनुसार 2 सितंबर की रात करीब तीन बजे आरोपी ने हाथ-पैर में बंधी रस्सी खोल ली और दुकान से बाहर निकल गया। बाद में शराब पीकर दोबारा दुकान में घुसने के दौरान शटर से टकराने पर आवाज हुई। आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और आरोपी को पकड़ने के लिए दुकान की ओर गए।
परिवार के पीछे आने पर आरोपी करीब 50 मीटर दूर चला गया और कथित तौर पर कहा, “तुम मुझे बांधकर रखते हो, खाना भी नहीं देते। मेरा दम घुटता है। दोबारा बांधोगे तो चाकू मार दूंगा।” साडू ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने धारदार चाकू से उसके पेट पर वार कर दिया। घायल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। परिजन उसे गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिवार का कहना है कि आरोपी पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान है और उसे दौरा पड़ने पर हाथ-पैर बांधकर रखा जाता था। परिजन के अनुसार करीब 15 दिन पहले उसे इलाज के लिए डीडवाना ले जाया गया था, जहां एक भोपा से उसका इलाज कराया जा रहा था। परिवार के दावे के अनुसार भोपा ने उसके शरीर में चार भूत होने की बात कही थी और दो के निकल जाने तथा दो के बाकी होने की बात कही थी।
पुलिस अब घटना के कारणों और आरोपी की स्थिति को लेकर जांच कर रही है।



















