पूजा के बहाने युवती से मंगलसूत्र और 40 हजार रुपए की ठगी

0
70

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र की एक युवती से कथित ज्योतिष दंपती द्वारा पूजा-पाठ के नाम पर मंगलसूत्र और हजारों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जालसू खन्नीपुरा निवासी 26 वर्षीय दिव्या यादव ने रिपोर्ट में बताया कि 28 अप्रैल को चौमूं पुलिया पर उसकी मुलाकात एक ज्योतिष दंपती से हुई। बातचीत के दौरान दंपती ने खुद को पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कराने वाला बताते हुए किसी भी समस्या का समाधान करने का दावा किया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

पीड़िता के अनुसार 13 मई को दंपती उसके घर पहुंचे और कहा कि पूजा घर पर नहीं हो सकती, इसके लिए उज्जैन जाना पड़ेगा। 19 मई को शुभ मुहूर्त बताकर उन्होंने उसे उज्जैन बुलाया, जहां एक परिचित पंडित से पूजा करवाई गई। पूजा के नाम पर 2100 रुपए लेने के बाद दंपती ने मंगलसूत्र की विशेष पूजा कराने का बहाना बनाकर उसका मंगलसूत्र उतरवा लिया और 20 हजार रुपए भी जमा कराने को कहा। पूजा के बाद मंगलसूत्र लौटाने का आश्वासन दिया गया।

दिव्या ने बताया कि करीब पांच दिन बाद संपर्क करने पर आरोपियों ने पूजा में अतिरिक्त खर्च होने का हवाला देकर और रुपए मांगे। इस पर उसने अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 40 हजार रुपए भेज दिए। इसके बावजूद आरोपियों ने मंगलसूत्र लौटाने से इनकार कर दिया। मांगने पर उन्होंने कहा कि उसके पास कोई सबूत नहीं है और दोबारा संपर्क करने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी।

ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने हरमाड़ा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here