जयपुर। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर स्टार हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. राकेश केदावत एवं डॉ. रेखा केदावत ने गोविंद देवजी मंदिर परिसर में वृद्धजन सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और वृद्धजनों को दर्द निवारक तेल, त्वचा संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए औषधियां तथा अन्य स्वास्थ्य सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर स्टार सोशल ग्रुप ने ‘स्वस्थ जयपुर-ग्रीन जयपुर’ अभियान की शुरुआत करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत श्रद्धालुओं को गुलाब, तुलसी, नींबू, आंवला और आम सहित 501 पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए। ग्रुप ने बताया कि वह प्रतिवर्ष 5,000 से अधिक पौधों का नि:शुल्क वितरण करता है।
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामचरण बोहरा मुख्य अतिथि तथा चंद्रमनोहर बटवाड़ा विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों ने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए डॉ. केदावत के सेवा कार्यों की सराहना की। इस दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य सामग्री वितरित कर ‘जयपुर नारी रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह में सामाजिक कार्यों, वृक्षारोपण एवं गौरैया संरक्षण अभियान में योगदान के लिए डॉ. अशोक दुबे को ‘स्टार इको आइकन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण रैली निकाली गई तथा गोविंद देवजी मंदिर में सामूहिक प्रार्थना की गई। ग्रुप के संरक्षक रामअवतार गुप्ता का जन्मदिन भी मनाया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मूलचंद अग्रवाल, संजय टाक, मुकेश खंडेलवाल और मदन शर्मा का विशेष सहयोग रहा। डॉ. केदावत ने बताया कि वे इस वर्ष डॉक्टर्स डे को ‘सेवा एवं संकल्प दिवस’ के रूप में मना रहे हैं।



















