जयपुर। श्री अमरापुर स्थान में प्रेम प्रकाश मंडलाचार्य आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का पावन चालिहा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को आगामी 140वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आचार्य के विग्रह के समक्ष 140 ढोढा-चटनी महाप्रसादी का विशेष भोग अर्पित कर मनोहारी झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने बताया कि 19 जुलाई को होने वाले 140वें जन्मोत्सव की तैयारियों के तहत यह विशेष भोग लगाया गया। उन्होंने बताया कि सिंध के टंडे आदम स्थित श्री अमरापुर स्थान की परंपरा के अनुसार आचार्य श्री सद्गुरु टेऊँराम जी प्रत्येक श्रद्धालु को ढोढा-चटनी महाप्रसादी ग्रहण कराते थे और आज भी सभी आश्रमों में यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।
इस अवसर पर दो दिवसीय प्रवास पर पधारे प्रेम प्रकाश मंडल अध्यक्ष स्वामी भगत प्रकाश महाराज ने सत्संग में आचार्य की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति का संदेश दिया। उन्होंने भजनों और प्रार्थना के माध्यम से आचार्य का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया। वहीं स्वामी मनोहर लाल महाराज, स्वामी मोहन प्रकाश महाराज सहित संत-महात्माओं ने श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब की वाणी का पाठ एवं संगीतमय भजन प्रस्तुत किए।



















