13वीं मंजिल से गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत

0
37

जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में न्यू आतिश मार्केट स्थित एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बिल्डिंग की छत पर अकेला पहुंचा था। घटना 4 सितंबर की शाम की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक को सेल्फी लेने और रील बनाने का शौक था। आशंका है कि छत पर लगी करीब ढाई फीट ऊंची लोहे की रेलिंग पर चढ़कर सेल्फी लेने और रील बनाने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया।

मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के अनुसार सोडाला निवासी गौरव शर्मा (22) की 4 सितंबर की शाम 13वीं मंजिल से गिरने से मौत हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर खुदकुशी के एंगल से जांच शुरू की। जांच के दौरान गौरव के मोबाइल में घटना से कुछ समय पहले ली गई एक सेल्फी मिली। पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि गौरव अकेला ही बिल्डिंग की छत पर पहुंचा था।

पुलिस के अनुसार बिल्डिंग की छत पर करीब ढाई फीट ऊंची लोहे की रेलिंग लगी है। रेलिंग पर गौरव के पैरों के निशान भी मिले हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वह ऊंचाई पर जाकर सेल्फी लेने या रील बनाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों से पूछताछ में भी सामने आया कि गौरव को सेल्फी लेने और रील बनाने का शौक था। वह करीब एक साल से एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम कर रहा था। सप्ताह में दो दिन जयपुर के सीतापुरा स्थित कार्यालय जाता था, जबकि चार दिन घर से काम करता था।

पुलिस के अनुसार गौरव का घर सोडाला क्षेत्र में है। परिजनों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि गौरव ने परिवार को ऐसी जगह के बारे में बताया था, जहां ऊंचाई से पूरा जयपुर शहर नजर आता है। घटना वाले दिन 4 सितंबर को वह महिमा पार्क जाने की बात कहकर घर से निकला था। वहां से मेट्रो के जरिए न्यू आतिश मार्केट पहुंचा और बिल्डिंग की छत पर अकेला चला गया। छत पर रेलिंग पर चढ़कर उसने सेल्फी ली और रील बनाने के प्रयास के दौरान नीचे गिर गया।

थानाधिकारी सतीशचंद ने बताया कि गौरव का परिवार मूल रूप से दूधली, बस्सी का रहने वाला है। वह रामनगर, सोडाला में अपनी मां और बहन के साथ रहता था। गौरव के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। हादसे के बाद उसकी मां सदमे में है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here