सहपाठी और उसके साथी ने 10वीं के छात्र को धमकाकर करवाई घर में चोरी

0
37

जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में 10वीं के 16 वर्षीय छात्र को उसके सहपाठी और बालिग साथी ने जान से मारने की धमकी देकर अपने ही घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करवाए। आरोपियों ने छात्र को मोबाइल देकर लगातार निर्देश दिए। छात्र ने अलमारी से सोने के तीन सेट, बाली, हार, अंगूठी, नथ, पेंडेंट, चांदी का कड़ा और पायजेब चोरी कर उन्हें सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार छात्र की मुलाकात सहपाठी के परिचित युवक से हुई थी। युवक ने उसे कार चलाने के लिए दी। कार लौटाने पर आरोपी ने उसमें तोड़फोड़ का झूठा आरोप लगाकर भारी रकम मांगी और जान से मारने की धमकी दी। पैसे नहीं होने पर उसे घर में चोरी के लिए मजबूर किया गया।

आरोपियों ने झोटवाड़ा के एक ज्वेलर को जेवर बेच दिए और छात्र को चुप रहने के लिए 5 हजार रुपए दिए। 6 सितंबर को परिजनों को छात्र की जेब से रुपए मिले। पूछताछ में उसने पहले रकम दोस्त की बताई, लेकिन दबाव बनाने पर रोते हुए पूरी घटना बता दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सहपाठी, उसके बालिग साथी और जेवर खरीदने वाले ज्वेलर की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here