जयपुर। चौमूं कस्बे स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में एक महिला के बैग से 50 हजार रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़िता की शिकायत पर चौमूं थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अशोक विहार कॉलोनी निवासी साधना सक्सेना ने बताया कि वह 4 अगस्त को अपने खाते से 50 हजार रुपए निकालने के बाद पासबुक में एंट्री करवाने के लिए लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान उनके पीछे खड़ी दो महिलाओं ने बैग में चीरा लगाकर उसमें रखी नकदी निकाल ली और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गईं।
कुछ देर बाद बैग संभालने पर महिला को रुपए गायब होने का पता चला। सूचना पर बैंक कर्मचारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध महिलाएं वारदात को अंजाम देती नजर आईं। पीड़िता ने चोरी गई राशि बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की तलाश कर रही है।



















