June 29, 2025, 11:20 pm
spot_imgspot_img

सिंजारे पर गणपति के हाथों पर लगाई मेहंदी

जयपुर। गणेश जन्मोत्सव की धूम प्रदेश भर में चारो है। शनिवार को विभिन्न शुभ योग-संयोग से शहर भर के गणेश मंदिरों में गणेश चतुर्थी पर प्रथम पूज्य गणेश जी का अभिषेक के साथ श्रृंगार आरती के आयोजन संपन्न होंगे । वही शुक्रवार को सिंजारा पर्व मनाया गया ।

मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर

मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेशजी को सोजत से मंगवाई गई 3100 किलो मेहंदी धारण कराई गई। मेहंदी धारण कराकर पांच स्थानों से मेहंदी का वितरण किया गया। महिला और कन्याओं को डोरा एवं मेहंदी वितरण की अलग व्यवस्था की गई। सिंजारे पर भगवान गणेश जी का विशेष श्रृंगार कर स्वर्ण मुकुट धारण कराया गया। गणेशजी को मोती, सोना, पन्ना, माणक सहित अन्य रत्नों का नौलखा हार धारण कराया गया। शाम को भक्ति संध्या का आयोजन भी किया गया। इस दौरान मंदिर की आकर्षक सजावट और रोशनी की गई।

शनिवार को मंदिर में गणेश जन्मोत्सव का मेला लगेगा। सुबह चार बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हो जाएंगे। सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर विशेष पूजन के बाद साढ़े ग्यारह बजे श्रृंगार आरती होगी। भोग आरती दोपहर सवा दो बजे, संध्या आरती शाम 7 बजे और शयन आरती रात 11 बजकर 45 मिनट पर होगी।

गणेश मंदिर-कनक घाटी: ठिकाना मंदिर श्री गोविंद के मातहत आमेर रोड कनक घाटी स्थित मंदिर श्री गणेश जी महाराज में गणेश चतुर्थी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। गोविंद देवजी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि मंदिर सुबह पांच से रात्रि नौ बजे तक दर्शनों के लिए खुला रहेगा। इस मौके पर मंदिर को फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा। गणेश जी महाराज का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी। विशेष श्रृंगार कर मोदक का भोग लगाया जाएगा।

गीता गायत्री गणेश मंदिर

गलता गेट स्थित मंदिर श्री गीता गायत्री गणेश मंदिर में सिंजारा महोत्सव पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में गणेशजी को मेहंदी अर्पित की गई। इसके बाद भक्तों को मेहंदी वितरित की गई। कलाकारों ने भक्तों को मेहंदी लगाई। बच्चों ने हाथ पर गणेश बनवाया। मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया शनिवार को गणेश चतुर्थी का मुख्य उत्सव होगा। प्रथम पूज्य का जन्माभिषेक कर मोदकों का भोग लगाया जाएगा।

परकोटा गणेश जी को अर्पित की 101 किलो मेहंदी

चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जी महाराज को 101 किलो मेहंदी अर्पित की गई। सर्वप्रथम गणेश जी महाराज का पंचामृत, केसर जल, केवड़ा जल, गुलाब जल से अभिषेक किया गया। सिंदूरी चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण कराई गई। गणेश जी महाराज के महंत परिवार की छोटी बालिकाओं ने मेहंदी लगाई। इसके बाद भक्तों में मेहंदी वितरण की गई। मूंग-चावल का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर में महिलाओं ने बधाई गीत किया। महिलाओं ने एक दूसरे को मेहंदी लगाई। शाम को 1100 दीपों से महाआरती की गई।

नहर के गणेश जी को धारण कराई लहरिया पोशाक- साफा

माउंट रोड ब्रह्मपुरी स्थित दाहिनी सूंड दक्षिण मुखी श्री नहर के गणेश जी महाराज के मंदिर में शुक्रवार को सिंजारा मनाया गया। सिंजारे पर गणपति का नवीन श्रृंगार कर लहरिया पोशाक और साफा धारण करवाया गया। असंख्य मोदकों की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। पूजन के बाद श्रद्धालुओं को सौभाग्यदायक मेहंदी और नवीन चोले का सुख-समृद्धि कारक सिंदूर वितरण किया गया।

श्वेत सिद्धि विनायक मंदिर

सूरजपोल स्थित श्वेत सिद्धि विनायक मंदिर में गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर मनोरम श्रृंगार किया जाएगा। शुक्रवार को गणेश जी महाराज को मेहंदी धारण कराकर भक्तों को वितरित की गई।
बाबा आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश मंदिर- दिल्ली रोड स्थित बंगाली बाबा आत्माराम ब्रह्मचारी गणेश मंदिर में श्री महागणपति महोत्सव 7 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान दुग्धाभिषेक, श्रृंगार, पंचामृत अभिषेक, आरती और भजन संध्या के सहित कई धार्मिक आयोजन होंगे। शुक्रवार को पंचामृत अभिषेक कर सिंदूर अर्पण कर सिंजारा पर्व मनाया गया। गणेश चतुर्थी को सुबह 5 बजे मोदक अर्पण के बाद दोपहर एक बजे महाआरती की जाएगी। शाम 6 बजे भजन संध्या का आयोजन होगा।

गढ़ गणेश को लगाया गुड़धानी का भोग, डंके अर्पित

गढ़ गणेश मंदिर में मनाए जा रहे तीन दिवसीय श्री महागणपति महोत्सव में शुक्रवार को महंत प्रदीप औदीच्य के सान्निध्य में शुक्रवार को सिंजारा महोत्सव मनाया गया। गणपति को मेहंदी अर्पित कर नवीन वस्त्र धारण कराए गए। गुड़धानी का भोग लगाकर डंके अर्पित किए गए। सात सितंबर को सुबह 4 बजे गणपति का पंचामृत अभिषेक कर पुष्पमाला से श्रृंगार किया जाएगा। सुबह पांच मंगला आरती के साथ सहस्त्र दुर्वाचन और सहस्त्र मोदक अर्पित किए जाएंगे।

सहस्त्रनामावली से हवन किया जाएगा। रात्रि 12 बजे शयन आरती होगी। आठ सितंबर को ऋषि पंचमी का परंपरागत मेला भरेगा। अभिषेक के बाद नवीन वस्त्र धारण कराए जाएंगे। सुबह 5 बजे मंगला आरती होगी। दोपहर 12 बजे भोग आरती और रात्रि 12 बजे शयन आरती होगी। बड़ी चौपड़ स्थित ध्वजाधीश गणेश मंदिर में जन्मोत्सव का कार्यक्रम 7 सितंबर को होगा। सुबह पांच गणपति का अभिषेक कर सिंदूरी चोला धारण कराकर नवीन वस्त्र धारण कराए जाएंगे। इसके बाद आरती होगी।

इन मंदिरों में भी होंगे आयोजन:

चौड़ा रास्ता स्थित काले गणेश जी, दिल्ली बाईपास स्थित लाल डूंगरी गणेश, झोटवाड़ा में खिरणी फाटक स्थित गणेश मंदिर, आगरा रोड स्थित गंगोत्री गणेश मंदिर, बरकत नगर के नृत्य गणेश मंदिर में भी गणेश जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

25,000FansLike
15,000FollowersFollow
100,000SubscribersSubscribe

Amazon shopping

- Advertisement -

Latest Articles