बाइक सवार दो बदमाश पति के साथ जा रही महिला के गले पर झपट्टा मार कर तोड़ ले गए सोने की चेन

0
372

जयपुर। बाइक सवार दो बदमाश पति के साथ स्कूटी से बाजार जा रही महिला के गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन तोड़कर ले गए। घटना को लेकर महिला के पति ने झोटवाड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया।

पुलिस के अनुसार रामनगर कालवाड़ रोड निवासी प्रेम प्रकाश गुप्ता ने मामला दर्ज करवाया कि वह अपने पत्नी के साथ स्कूटी से बाजार जा रहा था इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और उसकी पत्नी के गले पर झपट्टा मार कर सोने की चेन तोड़कर ले गए। इस अप्रत्याशित घटना में पीडित कुछ समझ पाते तब तक बदमाश तेज गति से बाइक चलाकर गलियों में ओझल हो गए। घटना 15 दिसम्बर की दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। पुलिस इस मामले में घटना स्थल और उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

मंदिर में महिला की चेन पार

शास्त्री नगर थाना इलाके में भजन संध्या के दौरान किसी ने एक बुजुर्ग महिला की सोने की चेन पार कर ली। पुलिस के अनुसार विनोबा नगर गिरधर मार्ग निवासी चिराग ताम्बी ने मामला दर्ज करवाया कि उसकी मां चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर गई थी। वहां पर रात करीब 9 बजे किसी ने उनके गले से सोने की चेन पार कर ली। घटना 27 दिसम्बर की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंदिर में दिनदहाड़े चोरी

बस्सी थाना इलाके में चोर दिनदहाड़े मंदिर में घुसकर दानपात्र से नगदी और चांदी के बर्तन सहित अन्य सामान ले गए। पुलिस के अनुसार गोपालबाड़ी अजमेर निवासी रामदास चेला ने मामला दर्ज करवाया कि बैनाड़ा रोड पर राजाली बालाजी मंदिर है। वह मंदिर का संरक्षक है। 29 दिसम्बर को चोर दिनदहाड़े मंदिर का शीशा तोड़कर अंदर घुसे और चांदी के दो गिलास, दो चांदी की कटोरी, चांदी के तीन चम्मच, तीन चांदी की प्लेट, कमरों में रखे दो बैग , पूजा सामग्री और नगदी ले गए। चोर मंदिर से करीब सवा लाख रुपए का सामान ले गए। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने साक्ष्य लेकर जांच शुरू कर दी है।

लिबर्टी शोरूम में लाखों की चोरी

चित्रकूट थाना इलाके में चोरों ने एक लिबर्टी शोरूम को निशाना बना डाला। पुलिस के अनुसार मंगलमसिटी कालवाड़ रोड निवासी गौरव पारीक ने मामला दर्ज करवाया कि गांधी पथ वैशाली में उसका लिबर्टी शोरूम है। चोर 30 दिसम्बर को शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसे और उसकी दुकान के स्टोर के गल्ले से 153750 रुपए और चार गोल्ड कॉइन ले गए।

गोल्ड कॉइन का वजन करीब 32 ग्राम है। घटना का पता उन्हें अगले दिन शोरूम पर पहुंचने पर लगा। इस पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने साक्ष्य लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में घटना स्थल ओर उसके आस-पास के अलावा शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here