गुरु नानक देव का 556 वां प्रकाश पर्व बुधवार को

0
75

जयपुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु नानक देव का 556 वां प्रकाश पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। सभी गुरुद्वारों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी गुरुद्वारे रंग-बिरंगी रोशनी से अपनी चमक बिखेरेंगे। बुधवार को गुरुद्वारों में शबद कीर्तन, लंगर सहित अनेक आयोजन होंगे।

गुरुद्वारों में फूलों से आकर्षक सजावट की जाएगी। श्रद्धालु गुरु ग्रन्थ साहिब के सामने मत्था टेककर सरबत के भले की अरदास करेंगे। इसी के साथ ही देश के नामचीन रागी जत्थे शबद कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। बुधवार को हीदा की मोरी, सेठी कॉलोनी, कंवर नगर, वैशाली नगर और राजा पार्क, जवाहर नगर सहित अन्य गुरुद्वारों में विशेष कार्यक्रम होंगे।

यहां गंगानगर और पंजाब समेत विभिन्न स्थानों से प्रसिद्ध रागी जत्थे शबद-कीर्तन गायन करेंगे। राजापार्क गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजेगा। इस दौरान गुरु नानक देव के उपदेशों पर विशेष प्रवचन होंगे। वहीं मालवीय नगर, पानीपेच, जगतपुरा, ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य गुरुद्वारों में भी दीवान सजेगा।

मानसरोवर अग्रवाल फार्म सेक्टर 112 स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक सिख सभा की ओर से नगर कीर्तन निकाला जाएगा। प्रधान प्रीतम सिंह ने बताया कि बुधवार को सुबह 10 बजे अखंड पाठ साहिब की समाप्ति की जाएगी।

मानसरोवर में निकला नगर कीर्तन

मानसरोवर के हीरा पथ स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में सोमवार को नगर कीर्तन निकाला गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकाले गए नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में साध संगत शामिल हुई। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। अमृतसर स्थित दरबार साहिब से आए गुरजिन्दर सिंह समेत अन्य रागी जत्थे ने संगत को निहाल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here