जयपुर। सोशल मीडिया पर रसूख दिखाने के लिए अवैध हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वाले युवाओं के खिलाफ जयपुर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन आग के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे लोगों की निगरानी कर रही थी। जिन्होंने हथियारों के साथ अपनी फोटो पोस्ट की थी। निगरानी के दौरान एक युवक का फोटो देशी कट्टे के साथ मिला। जिसे पुलिस ने तुरंत चिन्हित किया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी (झोटवाड़ा) आलोक सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोड नंबर 9 स्थित सेंट्रल कॉलोनी में शनि देव मंदिर के सामने घेराबंदी की। वहां मौजूद संदिग्ध राजकुमार उर्फ गुड्डू (22) की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा हथियार का लाइसेंस मांगने पर वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपी राजकुमार उर्फ गुड्डू मूलतः अनाह गेट (भरतपुर) का रहने वाला है और वर्तमान में मुरलीपुरा के सीकर रोड स्थित रोड नंबर 8 पर किराए से रह रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह हथियार कहां से लेकर आया था और उसका उद्देश्य क्या था। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील के साथ हेड कांस्टेबल बाबूलाल, कांस्टेबल लोकेश, कान सिंह और महेश की विशेष भूमिका रही।




















