जयपुर। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग, अवैध रिफिलिंग व कालाबाजारी के खिलाफ विशेष अभियान में जिला रसद विभाग ने चार टीमों के जरिए शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई कर 102 सिलेंडर सहित वाहन व उपकरण जब्त किए।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के अनुसार, गठित जांच दलों ने जगतपुरा, मानसरोवर, चांदपोल और गिरधारीपुरा क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई में 102 घरेलू/व्यावसायिक व अप्रमाणित सिलेंडर, एक पिकअप, दो मोटरसाइकिल, दो रिफिलिंग मोटर (रबर पाइप व नोजल सहित), दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे, एक रेगुलेटर, पांच भट्टियां, एक मोबाइल और एक फोन-पे स्कैनर जब्त किए गए।
जगतपुरा में अवैध भंडारण व रिफिलिंग पकड़ी गई, मानसरोवर में 12 सिलेंडर व 90 प्लास्टिक कैप जब्त किए गए। चांदपोल में सात प्रतिष्ठानों पर घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग मिला, जबकि गिरधारीपुरा में 57 घरेलू व चार व्यावसायिक सिलेंडर पिकअप सहित जब्त किए गए।
तीन व्यक्तियों तथा सैनिक गैस सर्विस, शाहपुरा की प्रथम दृष्टया संलिप्तता सामने आई है। संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी ने चेतावनी दी कि घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।



















