जयपुर। 14वीं राजस्थान राज्य चैंपियनशिप का आयोजन उदयपुर में हुआ। जिसमें प्रदेशभर से करीब 250 से 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं इस प्रतियोगिता में जयपुर की सरिता सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
सरिता ने 84 किलोग्राम सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता,वहीं 84 किलोग्राम मास्टर वर्ग में भी स्वर्ण पदक हासिल कर डबल गोल्ड अपने नाम किया। उन्होंने कुल 310 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि हासिल की। उनके इस प्रभावशाली प्रदर्शन की प्रतियोगिता में मौजूद खेल विशेषज्ञों और दर्शकों ने सराहना की।
अपनी सफलता का श्रेय सरिता ने अपने पति हंसराज सैनी को दिया। जो हटोज क्षेत्र में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि पति का निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। साथ ही उन्होंने अपने कोच अजय धमेजा का भी आभार जताया। जिन्होंने कठिन प्रशिक्षण के दौरान उनका मनोबल बनाए रखा और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
सरिता की इस उपलब्धि से जयपुर के खेल जगत में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई है कि वे आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।




















