जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के रेनवाल थाना इलाके के गुमानपुरा गांव में जमीन विवाद के चलते दो बेटों द्वारा अपने ही पिता की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार मृतक अपने खेत की जमीन बेचने पर विचार कर रहे थे। इसी बात को लेकर उनके दोनों बेटे शंकर सिंह और अमर सिंह नाराज चल रहे थे। परिवार में पिछले कुछ दिनों से इसी मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी पिता और दोनों बेटों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों बेटे शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मृतक की पत्नी ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




















