गोविंद देव जी मंदिर में फागोत्सव में बिखरी ब्रज की छटा

0
28

जयपुर। गोविंद देव जी मंदिर में फागोत्सव के दौरान बृज के कलाकारों ने कथक, गायन और होली की लीलाओं से ठाकुर जी को रिझाया। इस मौके पर बुधवार को पारंपरिक फागोत्सव आयोजित हुआ। अनेक कलाकारों के साथ ही विभिन्न घरानों की कथक की प्रस्तुतियां, लट्ठमार होली, पुष्प होली इन सबके बीच ठाकुर जी के दरबार में राग और रंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां जयपुर के अलावा ब्रज क्षेत्र, दिल्ली, कोलकाता और अहमदाबाद से कलाकारों ने आकर प्रस्तुति दी।

फागोत्सव के दौरान नृत्य में अविनाश शर्मा, गुलाबो गिरधारी महाराज, स्वाति गर्ग जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे है, जबकि गायन में जगदीश शर्मा और कुंज बिहारी जादू जैसे दिग्गज कलाकार स्वरों से ठाकुर जी को रिझा रहे है। इस बार समय में बदलाव किया गया है। ये आयोजन सुबह 11 से दोपहर 3 तक आयोजित किए जा रहे है।

फागोत्सव के तहत रचना झांकी भी सजाई जा रही है। इस मौके पर ठाकुर जी का शृंगार गुलाल और अबीर से किया गया। मंदिर के सेवादार विशेष पोशाक तैयार कर पारम्परिक रंगों के माध्यम से सूती कपड़े पर कृष्ण लीलाओं को उकेर कर रचना झांकी को पूरे भावों के साथ सजा रहे हैं। झांकी में श्रीकृष्ण और राधारानी के संग होली खेलने का प्रतीकात्मक दृश्य दर्शाए गए हैं, जो कि भक्तों को ब्रज की फाग परंपरा का सजीव अनुभव करा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here