जयपुर। चौमूं थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-52 पर जैतपुरा डूंगरी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय पूरण निवासी दायरा तिगरिया के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पूरण रैगर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सिर व शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौमूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चौमूं के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि टैंकर की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने टैंकर के नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।




















