खुले रुपए के विवाद में पुलिस वाहन पर पथराव, एक दर्जन लोग गिरफ्तार

0
63

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के विधानी चौराहा पर खुल्ले रुपए को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव के दौरान पुलिस वाहन पर भी हमला किया गया, जिससे एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और एसआई सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार घटना एक रेस्टोरेंट पर गुटखा खरीदने पहुंचे तीन युवकों और दुकानदार के बीच खुल्ले पैसे को लेकर विवाद से शुरू हुई। पास ही स्थित ठेके की बिल्डिंग से तीन-चार लोग समझाने पहुंचे, लेकिन ग्राहक पक्ष के युवकों ने उनसे अभद्र भाषा में बात करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता चला गया।

जानकारी के अनुसार ग्राहक पक्ष ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में 100 से 150 लोगों की भीड़ जमा हो गई और होटल में घुसकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख सांगानेर सदर थाना से अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया।

पुलिस जब दोनों पक्षों को समझा कर कुछ लोगों को डिटेन कर थाने ले जाने लगी। तभी ग्राहक पक्ष के लोगों ने पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया। इस दौरान एसआई लेखराज सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा।

इधर मामला बढ़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। राजकार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here