साइबर अभियान में जयपुर दक्षिण पुलिस ने किए दो माह में 4 हजार 249 साइबर शिकायतों का निस्तारण

0
35
Jaipur South Police resolved 4,249 cyber complaints in two months during the cyber campaign.
Jaipur South Police resolved 4,249 cyber complaints in two months during the cyber campaign.

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर जयपुर दक्षिण जिले में चलाए गए विशेष साइबर अभियान में दो माह में 4 हजार 249 साइबर शिकायतों का निस्तारण किया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 1 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान वर्ष 2025 की कुल 7 हजार 483 साइबर शिकायतों में से 4 हजार 249 (करीब 57 प्रतिशत) का निस्तारण किया गया। इस अभियान के तहत अशोक नगर, चाकसू, सोडाला और मानसरोवर सर्किल में विशेष कार्रवाई की गई। मानसरोवर सर्किल में सर्वाधिक 65.55 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण किया गया।

121 मोबाइल बरामद, 30 लाख का माल सुपुर्द

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने बताया कि जनवरी-फरवरी 2026 में साइबर सेल की टीम ने सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी सहायता से गुम हुए 121 मोबाइल फोन (कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये) ट्रेस कर बरामद किए और परिवादियों को सुपुर्द किए।

साइबर फ्रॉड पर शिकंजा

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने बताया कि ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 के तहत 1 जनवरी 2025 से 28 फरवरी 2026 तक साइबर ठगी से जुड़ी 8.54 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अपराधियों के खातों में होल्ड करवाई गई। साथ ही 27.56 लाख रुपये की राशि रिकवर कर पीड़ितों के खातों में रिफंड करवाई गई।

जागरूकता अभियान में 5000 से अधिक लोग जागरूक

राजर्षि राज ने बताया कि साइबर जागरूकता के तहत 15 स्कूल-कॉलेजों में अभियान चलाकर 5000 से अधिक विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक किया गया। समन्वय पोर्टल के माध्यम से विभिन्न राज्यों में वांछित 300 साइबर अपराधियों की तलाश कर संबंधित थानों को कार्रवाई के लिए सूचित किया गया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए साइबर अपराधियों, इनामी बदमाशों और हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here