जयपुर। चेटीचंड सिंधी मेला समिति महानगर जयपुर द्वारा आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को सिंधी संस्कृति की अनुपम छटा बिखरेगी। नाहरी का नाका स्थित सिंधु नगर के सर्वानंद हॉल में शाम 6:30 बजे से सिंधी भगत का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें अजमेर की प्रसिद्ध ‘रवि भगत एंड पार्टी’ द्वारा भक्ति और लोक परंपराओं की जीवंत प्रस्तुति दी जाएगी।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी और महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज बंधुओं को सिंधी संस्कृति के मूल स्वरूप से रूबरू कराया जाएगा। कार्यक्रम आयोजक नरेश कुमार मंघनानी और जितेंद्र लखवानी के अनुसार, सिंधी भगत में कलाकार भगवान शंकर, श्री राम और इष्टदेव श्री झूलेलाल के भजनों व लोकगीतों को संगीत, अभिनय और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
तुलसी संगतानी ने बताया कि सिंधी समाज में ‘भगत’ का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस कला को अमर शहीद संत कंवर राम ने वैश्विक पहचान दिलाई थी। जहां कलाकार सिर पर पगड़ी और पैरों में घुंघरू बांधकर जब नृत्य करते हुए कथा सुनाएंगे तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। महोत्सव को लेकर समाज के युवाओं और महिलाओं में भारी उत्साह है। कार्यक्रम के दौरान सिंधी व्यंजनों और सांस्कृतिक एकता की झलक भी देखने को मिलेगी।




















