जयपुर में सजेगा नारी शक्ति का महाकुंभ

0
69
Mahakumbh of women power will be organized in Jaipur
Mahakumbh of women power will be organized in Jaipur

जयपुर। महिला शक्ति, स्वावलंबन और सामाजिक नेतृत्व को समर्पित दो दिवसीय ‘मां पन्नाधाय नारी शक्ति महोत्सव’ का आयोजन 8 और 9 मार्च को जवाहर कला केंद्र (जेकेके) स्थित शिल्पग्राम में किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजन समिति के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तय की। इस दौरान हजारों महिलाओं ने निवर्तमान महापौर डॉ सौम्या गुर्जर के नेतृत्व में हुंकार भरी। इस दौरान महिलाओं ने नारी शक्ति के नारे भी लगाए।

सेवायाम की प्रस्तुति में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ 8 मार्च को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मां पन्नाधाय की 10 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मां पन्नाधाय के त्याग और राष्ट्रभक्ति को दर्शाती एक विशेष लघु नाटिका का मंचन भी किया जाएगा।

दो दिवसीय महोत्सव में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व से जुड़े विषयों पर टॉक शो, संवाद सत्र, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत 400 महिला लघु उद्यमियों को नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पादों और हुनर को प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।

इसके साथ ही ‘शक्ति कवच’ अभियान के अंतर्गत 1000 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए नि:शुल्क टीकाकरण भी किया जाएगा। यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

महोत्सव में देश की कई प्रमुख सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक हस्तियां भाग लेंगी और विभिन्न विषयों पर महिलाओं से संवाद करेंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका वंदनीय सीता ताई, अभिनेत्री रवीना टंडन, अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर, विधायक एवं लोकगायिका मैथिली ठाकुर, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर तथा राजस्थान पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी विशेष सत्रों में भाग लेंगे।

महोत्सव के दौरान आत्मरक्षा शिविर, महिला उद्यमिता संवाद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर वूमेन विषय पर चर्चा, स्वास्थ्य जागरूकता सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन 9 मार्च को ‘शक्ति वंदन – भारत के स्वर का अभिनंदन’ कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि यह आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बनेगा। दो दिनों तक जवाहर कला केंद्र नारी शक्ति के उत्सव का केंद्र बनेगा, जहां विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरक महिलाएं अपने अनुभव साझा करेंगी और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में संवाद होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here