महिला दिवस पर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

0
161

जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल, मॉल, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को छेड़छाड़ व उत्पीड़न से बचाव के लिए कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

इस अभियान के दौरान विभिन्न बस स्टैंड, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर राजकॉप सिटीजन ऐप के क्यूआर कोड स्टिकर लगाकर करीब 1 हजार 705 महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही कई स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 7951 छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

पुलिस ने महिलाओं को ‘नीड हेल्प’ फीचर के साथ राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करने की जानकारी भी दी। इसके अलावा हेल्पलाइन के नंबर मोबाइल में सेव रखने की सलाह देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देकर सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here