विदेशी महिला पर्यटक से अभद्रता का वीडियो वायरल करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

0
26

जयपुर। अजमेर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल किशनगढ़ डंपिंग यार्ड में इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्रता और अश्लील टिप्पणियां करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। गांधीनगर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के संबंध में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक इजरायली महिला पर्यटक के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए गांधीनगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू की।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के साथ वायरल वीडियो से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर चारों अज्ञात आरोपियों की पहचान की और फिर मोहम्मद फुरखान (25), मोहम्मद अनीस (21), फरहान (24) और अख्तर अली (22) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी किशनगढ़ जिला अजमेर के रहने वाले है। पुलिस चारों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

गांधीनगर थानाधिकारी अनिल शर्मा के अनुसार इस मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here