थानों में जनसुनवाई से सीधे सुनी जाएंगी आमजन की शिकायतें

0
37

जयपुर। अब आमजन को अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। जयपुर उत्तर जिले के पुलिस थानों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनसुनवाई होगी। इसमें पुलिस अधिकारी परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे। साथ ही पहले से लंबित शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर को शास्त्री नगर थाने में जनसुनवाई हो चुकी है। अब 30 सितंबर से अलग-अलग थानों में जनसुनवाई का सिलसिला शुरू होगा। सभी स्थानों पर जनसुनवाई का समय दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक रहेगा।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को आमेर, 7 अक्टूबर को कोतवाली, 14 अक्टूबर को माणक चौक, 21 अक्टूबर को रामगंज और 28 अक्टूबर को विद्याधर नगर थाने में जनसुनवाई होगी। इसके बाद 4 नवंबर को ब्रह्मपुरी, 12 नवंबर को नाहरगढ़, 18 नवंबर को सुभाष चौक, 25 नवंबर को गलता गेट, 2 दिसंबर को भट्टा बस्ती, 9 दिसंबर को जयसिंहपुरा खोर, 16 दिसंबर को संजय सर्किल और 23 दिसंबर को जालूपुरा थाने में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

जनसुनवाई में आने वाले परिवादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। प्राप्त शिकायतों का विवरण रजिस्टर के साथ डिजिटल रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जाएगा। इसके बाद शिकायतों की प्रगति की नियमित समीक्षा होगी, ताकि उनके निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं हो।

डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और नागरिक-केंद्रित निराकरण सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देने के साथ लंबित मामलों के निस्तारण पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here