संपत्ति विवाद ने लिया खूनी मोड़: छोटे भाई ने बड़े भाई को चाकू से मार डाला

0
33

जयपुर। बनीपार्क थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 7 से 7.30 बजे राम पार्क के सामने हुई। घर से मंदिर जाने के लिए स्कूटी से निकले श्याम बगानी (65) को उनके छोटे भाई मुरली बगानी (58) ने रास्ते में रोक लिया।

पहले डंडे से मारपीट की और संभलने से पहले ही चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में श्याम को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेकर आरोपी मुरली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बनी पार्क थाना अधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि श्याम बगानी संत कंवर राम पार्क के पीछे सिंधी कॉलोनी में रहते थे। जो मंगलवार सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। घर से करीब 300 मीटर दूर राम पार्क के सामने मुरली ने उन्हें रोक लिया। अचानक हुए हमले में श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति में हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार बड़े भाई की ओर से संपत्ति में हिस्सा नहीं दिए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की प्राथमिक वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।

थानाधिकारी ने बताया कि श्याम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। सबसे बड़े भाई प्रकाश बगानी थे, जिनका वर्ष 2014 में अमेरिका में निधन हो गया था। तीसरे भाई मुरली बगानी हैं, जो हत्या के मामले में आरोपी है। श्याम फिलहाल परिवार के साथ घर पर रहते थे। उनका बेटा चिराग बगानी ऑनलाइन काम करता है।

थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी मुरली बगानी करीब 24 साल अमेरिका में रहा। वह बेलीज़ सिटी सेंट्रल अमेरिका में रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में ही हैं। कारोबार में घाटा होने के बाद वह करीब 11 महीने पहले जयपुर लौटा था। फिलहाल वह सीकर रोड स्थित शेखावाटी नगर में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार अमेरिका जाने से पहले भी मुरली के खिलाफ जयपुर के महिला थाना उत्तर में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज था। इसी मामले में छह सितंबर को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से बाहर आने के बाद पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसका बड़े भाई श्याम से विवाद चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य साक्ष्यों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे संपत्ति विवाद के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here