रेस्टोरेंट में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
120

जयपुर। सांगानेर थाना इलाके में आपसी कहासुनी के बाद एक रेस्टोरेंट में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले मुख्य आरोपी कुशाल सैन को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के समय रेस्टोरेंट के अंदर दो कर्मचारी सो रहे थे, जिनकी जान बाल-बाल बच गई।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) संजीव नैन ने बताया कि प्रताप नगर निवासी मनोज कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका कोचिंग हब में ‘राजधानी रेस्टोरेंट कैफे’ है। 4 मार्च की रात को पड़ोस में सैलून चलाने वाले कुशाल सैन और उसके दोस्तों ने रेस्टोरेंट में ग्राहकों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की थी।

टोकने पर वे देख लेने की धमकी देकर चले गए थे। 7 मार्च की सुबह करीब 4 बजे आरोपी एक गाड़ी में आए और रेस्टोरेंट के शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उस समय रेस्टोरेंट का स्टाफ अंदर सो रहा था। धुएं के कारण नींद खुलने पर कर्मचारियों ने तुरंत शटर खोला और पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त हरि शंकर शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी लिखमाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कुशाल सैन को धर दबोचा। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों सिद्धार्थ, प्रवीन चौधरी और अनमोल की तलाश कर रही है। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here