मुरलीपुरा में आज होगा सामूहिक गणगौर पूजन

0
64
Vipra Foundation's 18th National Convention held today in Pushkar.
Vipra Foundation's 18th National Convention held today in Pushkar.

जयपुर। चैत्र कृष्ण एकादशी को सुहाग पर्व गणगौर के उपलक्ष्य में मुरलीपुरा के मैन विकासनगर में गौरव बाल निकेतन स्कूल के पास होली चौराहे पर रविवार, 15 मार्च को सुबह 10 से 11 बजे तक सामूहिक गणगौर-ईसर पूजन समारोह का आयोजन किया जाएगा। राजस्थानी संस्कृति, पर्व, परम्पराओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं को पूजन सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु सहज रूप से इस पूजन में भाग ले सकें।

विशेष आकर्षण के रूप में श्री गोविंद देव जी मंदिर से लाए गए गणगौर-ईसर स्वरूप का विशेष पूजन किया जाएगा। गत रविवार को गोविंद देवजी मंदिर में भी गणगौर का पूजन किया गया था। जिसमें दो हजार से अधिक महिलाओं ने भागीदारी की थी। कार्यक्रम में सुहागिन महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी तीन महिलाओं को नखराली गणगौर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त समाज की दो वयोवृद्ध माताओं को बूढ़ी गणगौर सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप सुहाग सामग्री और स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। आयोजन में गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी, गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा, विकास नगर विकास समिति मुरलीपुरा तथा नवयुवक मंडल विकास नगर का विशेष सहयोग रहेगा।

विकासनगर विकास समिति के अध्यक्ष पन्नालाल तंवर ने बताया कि क्षेत्र की माता-बहनों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने और भारतीय संस्कृति की परंपराओं को सशक्त बनाने का आह्वान किया जा रहा है।। आसपास के क्षेत्र घर-घर जाकर आयोजन का आमंत्रण दिया जा रहा है।

कार्यक्रम संयोजक अरुण कुमार पंसारी ने बताया कि इस प्रकार के सामूहिक धार्मिक कार्यक्रम समाज में संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम की तैयारियां क्षेत्रवासियों के सहयोग से उत्साहपूर्वक की जा रही हैं।

अखंड सौभाग्य की कामना के साथ होगा हवन

इससे पूर्व सुबह आठ से दस बजे तक नि:शुल्क पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। जिसमें श्रद्धालु आहुतियां देकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। अखंड सुख-सौभाग्य के लिए सौभाग्यवती महिलाएं खासकर नव विवाहिताएं मां पार्वती का ध्यान कर विशेष आहुतियां प्रदान कर सकेंगी। यज्ञ पूरी तरह निशुल्क है। कोई भी सामग्री लाने की आवश्यक्ता नहीं है। मनु महाराज के सान्निध्य में होने वाले आयोजन का दीप प्रज्जवलन पं. कृष्णा शर्मा करेंगे। इसके बाद प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक सामूहिक गणगौर-ईसर पूजन का आयोजन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here