
जयपुर/नई दिल्ली। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखकर देशभर के छात्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाया है। पत्र में विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों और पीजी में रहने वाले विद्यार्थियों को एलपीजी गैस की उपलब्धता और बढ़ती कीमतों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया है।
विनोद जाखड़ ने अपने पत्र में मांग की है कि देशभर के सभी शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों और पीजी में रहने वाले छात्रों के लिए एलपीजी गैस की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को भोजन बनाने और दैनिक जीवन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही उन्होंने एलपीजी की कीमतों में हो रही कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने और निगरानी के लिए एक विशेष टास्क फोर्स गठित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर गैस सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा कर छात्रों से अधिक कीमत वसूली जा रही है, जिससे छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
एनएसयूआई का मानना है कि छात्रों की बुनियादी जरूरतों को सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि शिक्षा मंत्री इस विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि देशभर के लाखों छात्रों को राहत मिल सके।



















