यूडी टैक्स के नाम पर जबरन वसूली बर्दाश्त नहीं: खाचरियावास

0
39

जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में यूडी टैक्स वसूली को लेकर राज्य सरकार और नगर निगम पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राइवेट कंपनी गलत नाम और बिना सही नाप के आधार पर नोटिस जारी कर मकान, दुकान व प्रतिष्ठानों को सीज कर रही है।

खाचरियावास ने कहा कि कई लोगों ने यूडी टैक्स जमा करवा रखा है, फिर भी उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं और आधार पूछने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा। उन्होंने इसे गैरकानूनी बताते हुए कहा कि बिना सुनवाई का मौका दिए संपत्तियों को सीज करना और जबरन वसूली करना गलत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हाउस टैक्स समाप्त किया गया था, जबकि बाद में भाजपा सरकार के कार्यकाल में यूडी टैक्स लगाया गया। अब भाजपा सरकार के इशारे पर प्राइवेट कंपनी पूरे जयपुर में नोटिस जारी कर लोगों को परेशान कर रही है, जिससे व्यापारियों और नागरिकों में दहशत है।

खाचरियावास ने कहा कि विभिन्न व्यापार मंडलों और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर यूडी टैक्स वसूली में हो रही अनियमितताओं की शिकायत की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रोकी गई तो कांग्रेस जयपुर में बड़ा आंदोलन करेगी और गलत नोटिस पाने वाले लोगों के साथ खड़ी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here