जयपुर। वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे राज्य स्तरीय विशेष अभियान के तहत हरमाड़ा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई सालों से फरार चल रहे तीन स्टैंडिंग वारंटियों को गिरफ्तार किया है । इसके साथ ही पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को भी दबोचा है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया । इस दौरान थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना पर तीन मुख्य स्टैंडिंग वारंटियों को गिरफ्तार किया। जिसमें राजू उर्फ राजकुमार (37) निवासी गुड़गवार, गोविंदगढ़ ,संजू सैनी उर्फ संजय (39) निवासी जयरामपुरा रोड हरमाड़ा और गणेश प्रजापत (40) निवासी हनुमान नगर टोडी हरमाड़ा शामिल है।
वहीं इस अभियान के तहत अब तक 5 स्टैंडिंग वारंटों का निस्तारण किया जा चुका है ।इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नींदड़ रोड स्थित भारत नगर कच्ची बस्ती से सपना सांसी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 1.83 ग्राम स्मैक और बिक्री के 6110 रुपये नकद बरामद किए हैं । इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता (अशोक गुप्ता), सहायक पुलिस आयुक्त (चौमूं) उषा यादव के निर्देशन में थानाधिकारी उदय सिंह, उप-निरीक्षक रामोतार, हेड कांस्टेबल सूरजमल, कांस्टेबल महेंद्र, दयाराम और महिला कांस्टेबल राजकुमारी की विशेष भूमिका रही।



















