सुशीलपुरा में गंदे पानी से सैकड़ों बीमार: खाचरियावास ने दी चेतावनी

0
55
Hundreds fall ill due to dirty water in Sushilpura
Hundreds fall ill due to dirty water in Sushilpura

जयपुर। शहर के सुशीलपुरा क्षेत्र में पिछले दो माह से गंदे पानी की सप्लाई के कारण सैकड़ों लोग बीमार हो गए हैं। मामले को लेकर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात की और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

खाचरियावास ने बताया कि नई सड़क निर्माण के नाम पर पहले से बनी सड़कों को रात में विरोध के बावजूद तोड़ दिया गया, जिससे सीवरेज और पानी की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है और खासकर बच्चे बीमार हो गए हैं, जिनका इलाज डिस्पेंसरी में चल रहा है।

उन्होंने मौके पर जलदाय विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत टैंकरों से स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि जहां सड़क की आवश्यकता नहीं है, वहां भी अनावश्यक रूप से सड़कों को तोड़ा जा रहा है, जो सरकार की लापरवाही और तानाशाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सीवरेज और जल लाइन की मरम्मत कर स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो जल भवन का घेराव किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here