जयपुर। नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकल रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली 21 अक्टूबर को राजस्थान पहुंचेगी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर यह रैली निकाली जा रही है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और राज्य पुलिस के करीब 250 राइडर्स भाग लेंगे।
एडीजी पुलिस कानून एवं व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि रैली हरियाणा सीमा पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी। इसके बाद जयपुर ग्रामीण, जयपुर शहर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर होते हुए गुजरात पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम 20 अक्टूबर को आगरा से जयपुर आएगी, जबकि 21 अक्टूबर को विभिन्न केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की संयुक्त रैली दिल्ली से जयपुर पहुंचेगी। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री इसे हरी झंडी दिखाएंगे।
आमेर किले पर स्वागत, अल्बर्ट हॉल से होगी रवानगी
21 अक्टूबर को जयपुर के आमेर किले पर रैली का स्वागत किया जाएगा। अगले दिन 22 अक्टूबर को अल्बर्ट हॉल, रामनिवास बाग से डीजीपी राजस्थान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली 22 अक्टूबर को अजमेर पहुंचेगी, जहां सीआरपीएफ कैंप में स्वागत होगा। 23 अक्टूबर को आनासागर झील से रैली रवाना होकर चित्तौड़गढ़ पहुंचेगी। यहां कीर्ति स्तंभ पर स्वागत और चित्तौड़गढ़ किले से रवानगी होगी। इसी दिन रैली उदयपुर पहुंचेगी, जहां फतेहसागर झील पर स्वागत किया जाएगा। 24 अक्टूबर को उदयसागर झील से रैली रवाना होकर गांधीनगर की ओर बढ़ेगी।
विद्यार्थियों और आमजन को करेंगे जागरूक
रैली के स्वागत और रवानगी स्थलों पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों तथा आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ठहराव स्थलों पर एनजीओ, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों, एनसीसी-एनएसएस के सदस्यों और विद्यार्थियों की भागीदारी से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। प्रमुख स्थानों पर ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ के बैनर, होर्डिंग और सूचना सामग्री लगाई जाएगी।
रैली की व्यवस्थाओं के लिए डीआईजी आर्म्ड बटालियन श्वेता धनखड़ को राजस्थान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित जिलों में पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर सुरक्षा, यातायात, एस्कॉर्ट, पार्किंग और आपात सहायता की व्यवस्था की जाएगी। रैली के स्वागत और रवानगी समारोह की फोटो, वीडियो और ड्रोन से रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। इन दृश्यों को राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में दिखाई जाने वाली लघु फिल्म में शामिल किया जाएगा।


















