जयपुर। श्री प्रेम प्रकाश मंडल द्वारा आयोजित अमरापुर चैत्र मेला आस्था, श्रद्धा और भक्ति का महाकुंभ बनकर रविवार को संपन्न हुआ। सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज द्वारा स्थापित इस 105वें विशाल चैत्र मेले में देश-विदेश से आए संत-महात्माओं और लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।
पंच दिवसीय मेले में 50 से अधिक संत-महात्माओं की उपस्थिति में करीब 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया, वहीं 2500 से अधिक सेवाधारियों ने निस्वार्थ भाव से सेवा कर आयोजन को सफल बनाया। मेले के दौरान भक्ति, सेवा और ज्ञान का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह में वासुदेव देवनानी, गोपाल शर्मा, निंबाराम, अशोक परनामी सहित कई गणमान्य अतिथियों ने पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा शहर के प्रमुख मंदिरों के महंत एवं व्यवस्थापक भी उपस्थित रहे।
रविवार को ब्रह्म मुहूर्त में विश्व शांति की कामना के साथ पल्लव प्रार्थना कर उत्सव का समापन किया गया। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को बड़ी संख्या में तुलसी के पौधे वितरित किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
यह चैत्र मेला न केवल भक्ति और आध्यात्म का केंद्र बना, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और एकता का भी संदेश देकर संपन्न हुआ।




















