जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह का पर्दाफाश कर दो शातिर आरोपियों मोनू पंजाबी और अनिल सिंह उर्फ पिंची को गिरफ्तार किया है।
दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों सहित करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और स्विफ्ट कार जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने करीब आधा दर्जन मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि झोटवाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के सदस्य मोनू पंजाबी (32) निवासी उत्तर प्रदेश विद्याधर नगर और अनिल सिंह उर्फ पिंची (33) निवासी सुभाष चौक हाल निवारू रोड खोराबीसल को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया मोनू पंजाबी विद्याधर नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ बनीपार्क, शास्त्री नगर, भट्टा बस्ती, नाहरगढ़, ज्योति नगर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और मालवीय नगर सहित विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और मारपीट के करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं अनिल सिंह उर्फ पिंची (33) सुभाष चौक और निवारू रोड, खोराबीसल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। वह सुभाष चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, शास्त्री नगर और नाहरगढ़ थानों में लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और चोरी के करीब नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
झोटवाड़ा थानाधिकारी रायसल सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने और जुआ खेलने के आदी हैं। मोनू रात के समय कॉलोनियों में घूमकर बंद मकानों की रैकी करता था। इसके बाद सुबह के समय ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
वारदात के बाद रास्ते बदलकर जयपुर से बाहर दूसरे शहरों में चले जाते थे। चोरी के पैसों से जुआ खेलने, नशा करने और ऐशो-आराम पर खर्च करते थे। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदाते खुलने की आशंका जताई जा रही है।

















