हनुमान चालीसा पाठ से गूंजा श्री रामचंद्र जी मंदिर: सैकड़ों श्रद्धालुओं को अर्थ सहित पुस्तकें वितरित

0
62

जयपुर। चांदपोल स्थित श्री रामचंद्र जी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।

संत अमरनाथ महाराज के सानिध्य में श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति द्वारा “हर घर में हो अर्थ सहित हनुमान चालीसा” अभियान के तहत सैकड़ों श्रद्धालुओं को अर्थ सहित हनुमान चालीसा की पुस्तकें भेंट की गईं। इसका उद्देश्य भक्तों को पाठ के साथ उसके गूढ़ अर्थ से भी अवगत कराना है।

समिति के अनुसार अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए विभिन्न टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर जाकर लगातार हनुमान चालीसा का वितरण कर रही हैं। इस पहल के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को धर्म, भक्ति और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को भन्दे बालाजी महाराज का सिंदूर लगाया गया, जिसे भक्तों ने आस्था के साथ ग्रहण किया। मंदिर परिसर में गोस्वामी तुलसीदास के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर भक्ति एवं एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में महेश बंब, सरदार राजन सिंह, रामस्वरूप यादव, अशोक कुमार विजयवर्गीय, पिंकी मुनीम, विजय, शैलेन्द्र यादव सहित अन्य श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here