जयपुर। आमेर थाना इलाके में जापानी महिला टूरिस्ट से कुछ मनचलों ने अश्लील हरकते कर दी ।चार- पांच मनचलों से पीछा छुड़ाने के लिए पीड़ित ने सिक्योरिटी गार्ड कि मदद ली। सिक्योरिटी गार्ड की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात मनचलों की तलाश शुरु कर दी है।
थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि जापान से राजस्थान भ्रमण पर आई महिला रविवार सुबह करीब 8 बजे जयगढ़ महल देखने पहुंची थी। वह महल के पास स्थित गणेश मंदिर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में सुनसान जगह देखकर 5 लड़कों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने विदेशी महिला के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। तभी पीड़िता ने शोर मचाना शुरु कर दिया और वहां से भाग कर पास ही में ड्यूटी कर रहे सिक्योरिटी गार्ड को मामले की जानकारी दी।
सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत मामले से पुलिस को अवगत कराया और सिक्योरिटी गार्ड विदेशी महिला के साथ घटना स्थल पर पहुंचा। गार्ड को आते देख अज्ञात मनचले मौके से फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखे तो पांच युवक संदिग्ध अवस्था में पहाड़ी से नीचे उतरते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस हुलिए के आधार पर स्थानीय बदमाशों और गाइडों के रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी है। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




















