जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भिवाड़ी चौकी ने कार्रवाई करते हुए कृषि पर्यवेक्षक रामस्वरूप को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम पंचायत सिहाली खुर्द, तहसील मुंडावर, जिला खैरथल-तिजारा में पदस्थापित है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि वह अपने और परिवार के सदस्यों के लिए फव्वारा पाइप लाइन अनुदान हेतु राजस्थान किसान पोर्टल पर आवेदन कर चुका है। फाइल स्वीकृत कराने के लिए आरोपी रामस्वरूप ने पहले 2 हजार रुपए फोन-पे के जरिए लिए और बाद में 2 हजार 500 रुपए अतिरिक्त रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की। उप महानिरीक्षक पुलिस अनिल कयाल के सुपरविजन में भिवाड़ी चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल (उप अधीक्षक पुलिस) के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को पहले 500 रुपए लेते हुए सत्यापन किया और मंगलवार को शेष 1000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल प्रकरण में आगे की जांच जारी है।




















