हाथी गांव में स्वास्थ्य शिविर में 54 हाथियों की जांच

0
68

जयपुर। वन विभाग की ओर से हाथी गांव में दो दिवसीय हाथी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के पहले दिन 54 हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें उनके रक्त, लीद, ओरल कैविटी और आंखों के सैंपल लिए गए।

शिविर के दौरान हाथियों के पैरों की विशेष जांच कर उनकी देखभाल के लिए आवश्यक दवाइयां और मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही सभी हाथियों को आवश्यक विटामिन, मिनरल्स और अन्य सप्लीमेंट्स भी उपलब्ध कराए गए। हाथियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनके माइक्रोचिप की जांच की गई तथा उन्हें डिवर्मिंग भी कराई गई।

विशेष रूप से हाथियों की आंखों और पैरों की स्थिति पर ध्यान केंद्रित करते हुए विस्तृत परीक्षण किया गया। लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए राज्य रोग निदान केंद्र भेजे जाएंगे।

डॉ. अरविंद माथुर, उपनिदेशक नाहरगढ़ जैविक उद्यान ने बताया कि शिविर के दौरान हाथी मालिकों और महावतों के लिए एक विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई। इसमें आगामी गर्मी के मौसम में हाथियों के खान-पान, स्वास्थ्य और देखभाल के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस स्वास्थ्य शिविर में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित किया गया। जिसमें डॉ. अरविंद माथुर, डॉ. सुनील जैन और डॉ. अशोक तंवर शामिल रहे। वन विभाग के इस प्रयास को हाथियों के स्वास्थ्य संरक्षण और समुचित देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here