रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने दो भाईयों को मारी टक्कर

0
53

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर राजावास के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाइयों को रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

थानाधिकारी उदय सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुए इस हादसे में जयपुर निवासी गजेंद्र सिंह (22) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई दिव्यम (18) गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद टाटियावास टोल पेट्रोलिंग टीम की एंबुलेंस से दोनों घायलों को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार दोनों भाई बाइक से सामोद स्थित वीर हनुमान जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक के पिता विजय सिंह ने बताया कि गजेंद्र ग्रेजुएशन कर रहे थे, जबकि दिव्यम 10वीं पास है। दोनों भाई हर मंगलवार को हनुमान जी के दर्शन के लिए जाते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here