क्रिकेट मैच के विवाद ने लिया हिंसक रूप: युवक पर धारदार हथियार से हमला

0
45

जयपुर। कोतवाली थाना इलाके के चौगान स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान हुआ विवाद बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मैच समाप्त होने के बाद एक युवक को रास्ते में रोककर पांच युवकों ने मारपीट करते हुए उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार पीड़ित मुस्ताक (37) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि 11 अप्रैल को वह चौगान स्टेडियम में क्रिकेट मैच देखने गया था, जहां हाफिज नामक व्यक्ति द्वारा गाली-गलौज की जा रही थी। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करा दिया।

पीड़ित के अनुसार मैच खत्म होने के बाद जब वह स्टेडियम से बाहर निकलकर अमर मिष्ठान भंडार के पास पहुंचा, तब हाफिज, उसका भाई अनीफ, हमीद, सलीम और शाहरुख ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पीछे से उसके सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया।

स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से पीड़ित की जान बच सकी। बाद में उसका मेडिकल कराया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावर उसके पड़ोस में ही रहते हैं और घटना के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए, जिससे उसके परिवार में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि दोनों पक्ष पड़ोसी हैं और क्रिकेट मैच के दौरान विवाद हुआ था। एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here