जयपुर में भाजपा का बोर्ड बनाने का दावा: उम्मीदवार चयन पर नहीं कोई गतिरोध

0
111

जयपुर। निकाय चुनावों को लेकर भाजपा में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर शनिवार को जयपुर संभाग के जिलों पर विस्तृत मंथन हुआ। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी में किसी प्रकार का गतिरोध नहीं है। विभिन्न स्तरों से प्राप्त सर्वे के परिणामों के साथ पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श के बाद प्रत्याशियों का चयन किया जा रहा है।

डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को अलवर संभाग के दो जिलों के उम्मीदवारों पर चर्चा हुई थी, जबकि रविवार को जयपुर सहित पूरे जयपुर संभाग के जिलों के उम्मीदवारों के नामों पर एक-एक कर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि सभी नामों पर चर्चा के बाद पारदर्शी तरीके से उम्मीदवारों को पार्टी का सिंबल दिया जाएगा।

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने दावा किया कि जयपुर में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि विधायकों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उम्मीदवारों के नामों पर राय ली गई है। सर्वे और सभी की राय के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जा रहा है।

डॉ. सैनी ने कहा कि भाजपा विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी। सुरक्षित, स्वच्छ और हरित जयपुर के साथ सुनियोजित विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं पार्टी की प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।

उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार के बजट में गरीब, युवा, महिला और किसान सहित सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here