श्रद्धा और भक्ति का संगम: बाबा रामदेव जी महाराज की निकली 8वीं पदयात्रा

0
40
8th Padayatra of Baba Ramdev Ji Maharaj taken out.
8th Padayatra of Baba Ramdev Ji Maharaj taken out.

जयपुर। राजधानी में बाबा रामदेव जी महाराज के भक्तों का उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही है। नारायण विहार मिस्त्री मार्केट के तत्वावधान में आयोजित बाबा रामदेव जी महाराज की तीन दिवसीय 8वीं पदयात्रा का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर कमला नेहरू नगर पुलिया के पास विशाल पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें 2,500 से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस 8वीं बाबा रामदेव जी महाराज की विशाल पदयात्रा में महिलाएं,युवतियां और बच्चे भी शामिल हुए।

पदयात्रा का मुख्य जत्था 29 अगस्त को जमवारामगढ़ तहसील के लगड़ियावास गाँव से रवाना होकर कमला नेहरू नगर स्थित मजार के पास पहुँचा। इस 8वीं पदयात्रा में करीब ढ़ाई हजार से अधिक श्रद्धालु डीजे की धुनों पर नाचते-गाते और बाबा के जयकारे लगाते हुए चले। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी यात्रा के दौरान पानी का ट्रैक्टर भी साथ-साथ चलता रहा।

इसके अलावा, तीन दिवसीय इस आयोजन में जयपुर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों कुंदनपुर, बस्सी, बांदीकुई, शास्त्री नगर, भट्टा बस्ती, दौसा, जटवाड़ा, नायला और जीरोता से भी बड़ी संख्या में पदयात्री पहुंचे। समाजसेवी रामलाल यादव ने बताया कि दूर-दराज से आए सभी पदयात्रियों के ठहरने और विश्राम की समुचित व्यवस्था मजार के पास की गई। श्रद्धालुओं के लिए सुबह चाय-नाश्ते, नमकीन और बूंदी के साथ-साथ भोजन में पूड़ी, आलू और छोले की सब्जी की विशेष व्यवस्था रही।

900 किलो से अधिक सामग्री से तैयार हुआ महाप्रसाद

विशाल भंडारे के लिए 900 किलोग्राम से भी अधिक खाद्य सामग्री का उपयोग कर शुद्ध और स्वादिष्ट प्रसादी तैयार की गई। प्रसादी निर्माण के लिए 600 किलोग्राम आटा, 150 किलोग्राम बेसन, 120 किलोग्राम दाल तथा 80 किलोग्राम छोले का प्रयोग किया गया। इसके अलावा, सब्जी और नाश्ते के लिए 300 किलोग्राम आलू, 150 किलोग्राम टमाटर, 100 किलोग्राम मिर्च, 10 किलोग्राम अदरक और 40 पुली हरा धनिया इस्तेमाल किया गया। प्रसादी पकाने के लिए 13 टीन तेल और 5 पीपे शुद्ध घी का उपयोग हुआ।

समाजसेवियों ने किया दिन-रात श्रमदान

भंडारे और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में स्थानीय समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। समाजसेवी रामलाल यादव, गणेश राजोरिया, मानू, शिवपाल, मुकेश लालचंद और पंडित दीपक कुमार शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं ने दिन-रात श्रमदान कर श्रद्धालुओं की निष्काम सेवा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here