राजस्थान की शाही विरासत को ग्लोबल इवेंट डेस्टिनेशन बनाने पर मंथन

0
36

जयपुर। राजस्थान की शाही विरासत अब पर्यटन के साथ-साथ देश-दुनिया की वेडिंग और इवेंट इंडस्ट्री के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रही है। प्रदेश के किले-महल, समृद्ध संस्कृति, लोक कला, परंपराएं और शाही आतिथ्य डेस्टिनेशन वेडिंग से लेकर बड़े कॉर्पोरेट और इंटरनेशनल इवेंट्स के लिए नई संभावनाएं पैदा कर रहे हैं। इसी दिशा में राजस्थान की इवेंट इंडस्ट्री को एक मंच पर लाने और प्रदेश को ग्लोबल वेडिंग एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स (फोरम) का 13वां वार्षिक कन्वेंशन ‘इवेंटस्थान 2026’ शुरू हुआ।

30 और 31 अगस्त को टोंक रोड स्थित होटल अनंतरा ज्वेल बाघ जयपुर में आयोजित हो रहे कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन में देशभर से 400 से अधिक इवेंट मैनेजर्स और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स शामिल हुए। उद्घाटन फोरम के पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, हरप्रीत बग्गा, मोहित माहेश्वरी, इवेंट गुरु अरशद हुसैन और इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन (ईमा) के अध्यक्ष दीपक चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

फोरम प्रेसिडेंट हितेन्द्र शर्मा ने बताया कि कन्वेंशन का उद्देश्य राजस्थान की इवेंट इंडस्ट्री को एकजुट कर नए अवसरों पर चर्चा करना और बदलते दौर के अनुरूप इंडस्ट्री को नई दिशा देना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और आतिथ्य को आधुनिक इवेंट मैनेजमेंट से जोड़कर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख वेडिंग और इवेंट डेस्टिनेशन बनाया जा सकता है।

फोरम सेक्रेटरी भुवनेश अग्रवाल ने बताया कि कन्वेंशन में ‘राजस्थान- ट्रेडिशन से ट्रांसफॉर्मेशन’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, कला, शिल्प, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक सोच, नवाचार और बदलते कारोबारी अवसरों से जोड़ने की आवश्यकता पर विचार रखे।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की विरासत को आधुनिक इवेंट मैनेजमेंट, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी और क्रिएटिव इंडस्ट्री के साथ जोड़कर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर प्रमुख वेडिंग एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

सत्र में इवेंट इंडस्ट्री में तकनीक के बढ़ते उपयोग, नए बिजनेस मॉडल, डेस्टिनेशन वेडिंग, बदलती ग्राहक अपेक्षाओं और युवा प्रोफेशनल्स के लिए उभरते अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ दिग्गजों ने अपने अनुभव साझा किए, वहीं युवा इवेंट मैनेजर्स को आपसी नेटवर्किंग और नए कारोबारी अवसर तलाशने का मंच मिला।

‘इवेंटस्थान 2026’ में ज्ञानवर्धक सत्रों और इंडस्ट्री डिस्कशन के साथ मनोरंजन का भी शानदार संगम देखने को मिला। पुरु लाइव बैंड की जोशीली और शानदार म्यूजिकल परफॉर्मेंस ने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह भर दिया। लाइव प्रस्तुति पर मौजूद इवेंट प्रोफेशनल्स ने जमकर आनंद लिया। संगीत की धुनों से पूरा माहौल जीवंत और संगीतमय हो उठा।

आयोजकों के अनुसार, कन्वेंशन के माध्यम से राजस्थान में वेडिंग, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी और इवेंट सेक्टर में उपलब्ध संभावनाओं पर मंथन के साथ नई पीढ़ी के प्रोफेशनल्स को इंडस्ट्री के अनुभवी लोगों से सीखने और नेटवर्किंग का अवसर मिला। दो दिवसीय ‘इवेंटस्थान 2026’ को राजस्थान की इवेंट इंडस्ट्री को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here