जयपुर। राजधानी जयपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए यूनिट ने छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी, मॉल, पार्क एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है। यूनिट का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, स्टॉकिंग एवं अश्लील हरकतों पर प्रभावी रोक लगाना है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती को कैफे में बुलाकर जबरदस्ती परेशान करने के मामले में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं चित्रकूट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे परेशान करने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र में पार्क में नशा कर आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में अस्पताल के पास रास्ते में युवती से अभद्रता व झगड़ा करने वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















