निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाने वाले चार बदमाशों को धर- दबोचा

0
158

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों और दफ्तरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर ‘टोपी वाला चोर’ के नाम से पहचान बनाए आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह का एक सदस्य कबाड़ बीनने के बहाने दिन में सूने और निर्माणाधीन मकानों की रेकी करता था, जबकि मुख्य आरोपी अबुबकर सिद्दीकी उर्फ इमरान (23) दोपहर या देर रात को दीवार फांदकर अंदर घुसता और कॉपर वायर, एसी फिटिंग व बिजली के तार चोरी कर ले जाता था। सीसीटीवी फुटेज में उसकी पहचान सिर पर पहनी टोपी से हुई। पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ छह वारदातों का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मूल रूप से म्यांमार का निवासी है और उसके पास यूएनएचसीआर का शरणार्थी कार्ड भी मिला है। इसके साथ चोरी का माल खरीदने वाले खालिद खान, रईश खान और चांद मिया को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर जले हुए तांबे और कटे हुए तार बरामद किए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और एसीपी अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी आरती सिंह तंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी का रूट ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल दीपचंद की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here