जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चोर आरोपी शैलेश कुमार मैरोठा उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर चोरी की हीरो स्पलेंडर बाइक बरामद कर ली। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शराब के नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में घूम रहा था।
जयपुर पश्चिम पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि सिंधी कैंप थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर शैलेश कुमार मैरोठा उर्फ छोटू (30) निवासी कापरेन जिला बूंदी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई स्पलेंडर बाइक बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोटा और बूंदी जिलों में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे अन्य वाहन चोरी और दूसरी वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



















